Bokaro: सरकारी योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव लाएं – इसी सोच के साथ उपायुक्त अजय नाथ झा ने गुरुवार को पेटरवार प्रखंड के गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आम बागवानी और अबुआ आवास योजना का निरीक्षण कर लाभुकों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

आम बागवानी और अबुआ आवास का लिया जायजा
पेटरवार प्रखंड के उलगढ़ा स्थित आम बागवानी, ओरदाना गांव में अबुआ आवास योजना तथा कोंध पंचायत के बुढ़नगढ़ा में विकसित 35 एकड़ के आम बागवानी क्षेत्र का उपायुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन और उससे हो रहे लाभ की जानकारी लाभुकों से ली।
साविती देवी के घर पहुंचकर पिया पानी
ओरदाना गांव में अबुआ आवास योजना की लाभुक साविती देवी के घर पहुंचे उपायुक्त ने परिवार के साथ बैठकर आत्मीय बातचीत की। इस दौरान घर में दिया गया पानी उन्होंने सहज भाव से स्वीकार किया। प्रशासनिक अधिकारी का यह व्यवहार ग्रामीणों के लिए भावुक पल बन गया और गांव में इसकी खूब चर्चा हुई।

अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना लक्ष्य”
उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सम्मानपूर्वक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित कर रहा है कि जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ मिले।
किसानों से खेती और आय बढ़ाने पर चर्चा
आम बागवानी योजना का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने लाभुक गोवर्धन मांझी, लाल किशुन मांझी और बाबू राम मांझी से खेती, उत्पादन और आय बढ़ाने को लेकर विस्तार से बातचीत की। उन्होंने किसानों को नई तकनीकों और बहुफसली खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
पपीता खेती और तालाब निर्माण पर जोर
उपायुक्त ने खाली पड़ी जमीन पर पपीते के पौधे लगाने और ढलान वाले क्षेत्रों में तालाब निर्माण की संभावनाओं पर काम करने का निर्देश दिया। साथ ही बीडीओ पेटरवार को प्रस्ताव तैयार करने तथा उत्पादों के बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए एफपीओ की बैठक बुलाने को कहा।
रोजगार और हरित विकास की दिशा में पहल
उपायुक्त ने कहा कि आम बागवानी योजना ग्रामीणों की आय बढ़ाने, रोजगार सृजन और हरित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर रख-रखाव और लाभुकों को हरसंभव सहयोग देने का निर्देश दिया।
योजनाओं से बदली ग्रामीणों की जिंदगी
निरीक्षण के दौरान लाभुकों ने बताया कि सरकारी योजनाओं से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। ग्रामीणों ने कहा कि अब उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो रही है।

