Bokaro: बोकारो के एक युवक की सऊदी अरब में सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय तसमीम अख्तर मोहम्मद ओवैस सरवर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से झारखंड के बोकारो जिले का रहने वाला था। घटना की खबर मिलते ही परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा सऊदी अरब के जुबैल हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि तसमीम सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर पहुंची इमरजेंसी टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
दिसंबर में रोजगार के लिए गया था सऊदी अरब
बताया जा रहा है कि, तसमीम पिछले वर्ष दिसंबर महीने में रोजगार के लिए सऊदी अरब गया था। वहां वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था। विदेश में नौकरी मिलने के बाद परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।

शव को भारत लाने की प्रक्रिया जारी
फिलहाल युवक का शव जुबैल जनरल अस्पताल के मोर्चरी में रखा गया है। प्रवासी वेलफेयर जुबैल चैप्टर के स्वयंसेवक परिवार की मदद में जुटे हैं। संस्था की ओर से स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है, ताकि शव को जल्द भारत लाया जा सके।
बोकारो में पसरा मातम
घटना के बाद बोकारो स्थित मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजन सरकार और प्रशासन से शव को जल्द स्वदेश लाने की मांग कर रहे हैं।

