Bokaro: सरकारी उपक्रम NBCC (इंडिया) लिमिटेड ने बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में लगभग 15 हजार किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर पीवी पावर प्लांट की स्थापना को लेकर बड़ी पहल शुरू की है। इस परियोजना के लिए आर्किटेक्ट और कंसल्टेंट फर्मों से ई-टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। यह कार्य स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के लिए इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड पर किया जाएगा।

कंसल्टेंसी फीस और परियोजना लागत तय
टेंडर दस्तावेज के अनुसार परियोजना की अनुमानित लागत 59 करोड़ रुपये तय की गई है। वहीं, चयनित कंसल्टेंट फर्म को व्यापक आर्किटेक्चरल एवं इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी सेवाएं प्रदान करनी होंगी। इसके लिए अधिकतम कंसल्टेंसी फीस परियोजना लागत का 0.50 प्रतिशत निर्धारित की गई है, जिसमें जीएसटी भी शामिल रहेगा। इस आधार पर कंसल्टेंसी राशि करीब 29.50 लाख रुपये आंकी गई है।
12 माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य
एनबीसीसी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, चयनित एजेंसी को 12 माह के भीतर कार्य पूरा करना होगा। इसके बाद 12 माह की डिफेक्ट लाइबिलिटी अवधि भी लागू रहेगी। टेंडर नोटिस 20 मई 2026 को जारी किया गया था। इच्छुक एजेंसियां तीन जून 2026 को सुबह 11 बजे तक ऑनलाइन निविदा जमा कर सकेंगी।

तीन जून को खुलेगी तकनीकी बोली
तकनीकी बिड तीन जून को सुबह 11:30 बजे खोली जाएगी। वहीं, डिजाइन प्रेजेंटेशन और वित्तीय बिड खोलने की तिथि तकनीकी रूप से योग्य बोलीदाताओं को बाद में सूचित की जाएगी। निविदा प्रक्रिया में भाग लेने के लिए 29,500 रुपये की ईएमडी जमा करनी होगी। साथ ही 17,700 रुपये का गैर-वापसी योग्य टेंडर शुल्क भी निर्धारित किया गया है।

