Bokaro: सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने समाहरणालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी दलों को जिले के 1680 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की शत-प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही 6 जून 2026 तक बीएलए की सूची जिला निर्वाचन शाखा को उपलब्ध कराने को कहा।

SIR-2026 को गंभीरता से लेने की अपील
डीसी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम शुरू हो चुका है और इसकी सफलता के लिए सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र नामों को निष्पक्ष तरीके से हटाया जाए।
पुनरीक्षण कार्यक्रम की तिथियां घोषित
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा ने एसआईआर-2026 की महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी दी। 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण होगा। 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी।

दलों से मांगा सक्रिय सहयोग
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग का आग्रह किया गया। इस अवसर पर एसपी नाथू सिंह मीना, डीपीआरओ रवि कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

