Bokaro : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं परीक्षा में 950वीं रैंक प्राप्त कर राजस्व पदाधिकारी (Revenue Officer) के पद पर चयनित होने वाली गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल, बोकारो की पूर्व छात्रा निधि कुमारी का विद्यालय परिसर में भव्य स्वागत किया गया। उनकी यह सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण बन गई।

निधि कुमारी ने वर्ष 2013 में विद्यालय से बारहवीं की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने सेंट ज़ेवियर्स कॉलेज, रांची से 2016 में स्नातक और 2019 में अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की। पांचवें प्रयास में मिली यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम, धैर्य और आत्मविश्वास का परिणाम है।

विद्यालय लौटने पर पूरे परिसर में उत्साह और भावनात्मक माहौल देखने को मिला। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने तालियों और शुभकामनाओं के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अभिषेक कुमार सहित प्रबंध समिति के अध्यक्ष तरसेम सिंह और सचिव एस. पी. सिंह ने उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
निधि कुमारी की यह उपलब्धि छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो यह संदेश देती है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से हर सपना साकार किया जा सकता है।

