Bokaro: बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-4 स्थित मजदूर मैदान में आयोजित गांधी शिल्प बाजार का निरीक्षण शुक्रवार को उपायुक्त (DC) अजय नाथ झा ने किया। निरीक्षण के दौरान मेले का माहौल उत्साह, स्वदेशी भावना और आत्मनिर्भरता के रंग में रंगा नजर आया।

लोकल फॉर वोकल
उपायुक्त ने बाजार में लगे हस्तशिल्प, हस्तकरघा एवं स्थानीय उत्पादों के विभिन्न स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कारीगरों से सीधा संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली और उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें सम्मान देने का प्रभावी माध्यम है।
अधिक स्वदेशी
डीसी ने शहरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें, ताकि क्षेत्रीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देते हैं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

गांधी शिल्प बाजार खरीदारी के साथ-साथ स्थानीय कला, संस्कृति और उद्यमशीलता का उत्सव बन गया है। आयोजन समिति ने नागरिकों से परिवार सहित पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों का समर्थन करने की अपील की है।

