Bokaro: झारखंड के कई जिलों में ठंड ने एक बार फिर तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया। बोकारो सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
आईएमडी के अनुसार, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा जिलों के लिए सोमवार सुबह 8:30 बजे तक ठंड को लेकर ‘येलो अलर्ट’ (सतर्क रहें) जारी किया गया है। वहीं, घने कोहरे को लेकर 15 जिलों में चेतावनी दी गई है, जिनमें बोकारो के अलावा गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, रांची, रामगढ़, धनबाद और खूंटी शामिल हैं।

मौसम विभाग की बुलेटिन के अनुसार, राज्य के छह जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। बोकारो में सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता कम हो रही है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ सकता है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह-शाम अतिरिक्त सतर्कता बरतने, गर्म कपड़ों का उपयोग करने और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी रखने की सलाह दी है। आने वाले 24 घंटों में ठंड और कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है।

