Bokaro: स्टील नगरी बोकारो के लिए रविवार का दिन रेल संपर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बहुप्रतीक्षित आसनसोल-बोकारो स्टील सिटी मेमू रेल सेवा का पुनः शुभारंभ किया। इस अवसर पर रेलवे के वरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। लंबे समय बाद इस सेवा के शुरू होने से बोकारो और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
मेमू सेवा कोरोना काल के दौरान हुई थी बंद
गौरतलब है कि यह मेमू सेवा कोरोना काल के दौरान बंद कर दी गई थी, जिसके बाद यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल के अंतर्गत ट्रेन संख्या 63592 के रूप में इसका पुनः संचालन शुरू किया गया है। सेवा के बहाल होने से बोकारो के दैनिक यात्रियों के लिए इसे एक बड़ी “लाइफलाइन” माना जा रहा है।
होते हुए आसनसोल को बोकारो स्टील सिटी से
सेल इकाइयों में कार्यरत हजारों कर्मचारी, छात्र, छोटे व्यापारी और दैनिक मजदूर अब महंगे सड़क परिवहन और अनियमित एक्सप्रेस ट्रेनों पर निर्भर नहीं रहेंगे। यह मेमू ट्रेन पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान होते हुए आसनसोल को बोकारो स्टील सिटी से जोड़ती है, जिससे दोनों स्टील शहरों के बीच तेज और किफायती “स्टील कॉरिडोर” विकसित होगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, विद्युत चालित इस मेमू सेवा से यात्रा समय और खर्च में उल्लेखनीय कमी आएगी। साथ ही मासिक सीजन टिकट की सुविधा से यह सेवा आम यात्रियों के लिए अधिक सुलभ और किफायती सिद्ध होगी।

