Bokaro : रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने को लेकर लगातार दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को राममंदिर चौक स्थित कंट्रोल रूम पर से उपायुक्त श्री अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह ने रामनवमी जुलूस में शामिल होने वाले बाइक सवार युवाओं को विशेष रूप से हिदायत दी है कि वे जुलूस के दौरान अनावश्यक शोर-शराबा न करें और नियमों का पालन करें।

बिना वजह हॉर्न बजाने, रेस लगाने या स्टंट करने से बचें और निर्धारित मार्ग एवं नियमों का करें पालन-
उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने कहा कि जुलूस के दौरान तेज आवाज, हुड़दंग या उन्मादी गतिविधियों से माहौल बिगड़ सकता है, इसलिए सभी लोग संयम और अनुशासन बनाए रखें। खासकर बाइक सवारों को निर्देश दिया गया कि वे बिना वजह हॉर्न बजाने, रेस लगाने या स्टंट करने से बचें और निर्धारित मार्ग एवं नियमों का पालन करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रामनवमी जैसे धार्मिक पर्व को हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाना चाहिए, लेकिन इसके साथ सामाजिक मर्यादा और कानून का पालन करना भी उतना ही जरूरी है। जुलूस निकालने वाली समितियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने सदस्यों को अनुशासित रखें और किसी भी प्रकार की विवादित या भड़काऊ गतिविधि से दूर रहें।
हर्षोल्लास के साथ-साथ मर्यादा में रहकर मनाना आवश्यक है-
उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने रामनवमी के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं से शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमारी आस्था और परंपरा का प्रतीक है, इसलिए इसे हर्षोल्लास के साथ-साथ मर्यादा में रहकर मनाना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से जुलूस में शामिल होने वाले लोगों, खासकर बाइक सवार युवाओं को निर्देश दिया कि वे अनावश्यक शोर-शराबा, हुड़दंग से बचें। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की ऐसी गतिविधि, जिससे सामाजिक सद्भाव बिगड़े या आम लोगों को परेशानी हो, उसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने जुलूस आयोजकों से भी कहा कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग, समय और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। साथ ही, सभी अखाड़ा समितियों और स्वयंसेवकों को जिम्मेदारीपूर्वक भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।

पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है-
पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह ने रामनवमी जुलूस को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी श्रद्धालु और विशेष रूप से बाइक सवार युवा अनुशासन का पालन करें और किसी भी प्रकार का अनावश्यक शोर-शराबा न करें। उन्होंने कहा कि लगातार हॉर्न बजाना या बाइक से स्टंट करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रामनवमी आस्था और श्रद्धा का पर्व है, इसे शांतिपूर्ण और मर्यादित तरीके से मनाना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने जुलूस आयोजकों से भी अपील की कि वे अपने सदस्यों को नियंत्रित रखें और सुनिश्चित करें कि जुलूस निर्धारित मार्ग एवं समय के अनुसार ही निकाला जाए। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और जगह-जगह दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई है।

