Bokaro : बी.एस.एल. अनाधिशासी कर्मचारी संघ (BAKS) चुनाव 2026 के परिणाम घोषित होते ही दिलीप कुमार ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर संगठन की कमान संभाल ली है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी किशोर कुमार को 45 वोटों के अंतर से हराया। महासचिव पद पर हरिओम कुमार ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए 900 मत प्राप्त किए और दिपक कुमार महतो को 625 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर राहुल कुमार साव ने 723 मत हासिल कर बिरेंद्र कुमार मिश्रा को 291 वोटों से हराया।

विभागवार परिणाम में भी दिखा स्पष्ट जनादेश
विभिन्न विभागों में हुए चुनाव में कई प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए, जबकि कई सीटों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कोक ओवन से आशीष पॉल टोपनो और विशेश्वर रजवार विजयी रहे, जबकि एसएमएस-1 से अजय कुमार और नीतीश कुमार ने जीत दर्ज की। सीआरएम-3 में माणिक राम मुंडा ने 96 वोट पाकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
कई सीटों पर निर्विरोध चयन
सिन्टर प्लांट, ब्लास्ट फर्नेस, हॉट स्ट्रीप मिल, एडीएम/एचआरडी, आर एंड सी लैब, स्टोर्स, यूटिलिटीज समेत कई विभागों में उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। यह संगठन के भीतर आपसी सहमति और एकता को दर्शाता है।

रिकॉर्ड मतदान ने बढ़ाया चुनाव का महत्व
करीब 1600 मतदाताओं में से 1200 से अधिक कर्मचारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कड़ी धूप के बावजूद मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं, जिससे कर्मचारियों के उत्साह और जागरूकता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
नई कार्यकारिणी से बड़ी उम्मीदें
चुनाव समिति ने सभी सदस्यों और प्रत्याशियों का आभार जताते हुए कहा कि यह चुनाव पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। नवगठित कार्यकारिणी से उम्मीद जताई जा रही है कि वह कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाएगी।

