Bokaro: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को देखते हुए Jharkhand Loktantrik Krantikari Morcha (जेएलकेएम) ने अपने संगठन विस्तार अभियान को तेज कर दिया है। झारखंड आधारित इस क्षेत्रीय दल ने केंद्रीय कार्यसमिति की मंजूरी के बाद पश्चिम बंगाल राज्य समिति का गठन कर चुनावी मैदान में उतरने के संकेत दे दिए हैं।

संभावित उम्मीदवारों की पहचान
JLKM पार्टी के केंद्रीय महासचिव विजय कुमार ने बताया कि राज्य इकाई का गठन जमीनी कार्यकर्ताओं को संगठित करने, संभावित उम्मीदवारों की पहचान करने और मतदाताओं तक सीधी पहुंच मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।
संगठनात्मक गतिविधियों को गति
केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो द्वारा 5 मार्च 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, भुनेश्वर कुमार को पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष और सुचित्रा महतो को प्रधान महासचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कई वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और एक प्रदेश प्रवक्ता की भी नियुक्ति की गई है, ताकि जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जा सके।

झारखण्ड से सटे इलाको में संभावना
पार्टी सूत्रों का कहना है कि सीमावर्ती जिलों और झारखंड से सटे इलाकों में जेएलकेएम को मजबूत राजनीतिक संभावनाएं दिख रही हैं। नई समिति को सदस्यता अभियान तेज करने और आगामी चुनाव के लिए रणनीतिक रोडमैप तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पहले चुनाव में 10 लाख से ज्यादा वोट
वर्ष 2025 में गठित जेएलकेएम ने अपने पहले विधानसभा चुनाव में 72 सीटों पर उम्मीदवार उतारकर करीब 10.31 लाख वोट हासिल किए थे। पार्टी अध्यक्ष जयराम महतो ने दुमरी सीट पर जेएमएम की बेबी देवी को 10,945 मतों से हराया था। नए दल JLKM ने एजेएसयू-पी, राजद, जदयू, लोजपा-आरवी और भाकपा (माले) से अधिक वोट प्राप्त कर एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों के मतों में सेंध लगाई थी।

