Bokaro: बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज लिमिटेड (BMW Industries Limited) के लिए झारखंड का बोकारो आने वाले वर्षों में विकास का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3 FY26) में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है और इसका सबसे बड़ा आधार बोकारो में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड परियोजना मानी जा रही है।
बोकारो ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट पर बड़ा दांव
कंपनी की भविष्य की रणनीति का केंद्र बोकारो ग्रीनफील्ड परियोजना है। इस परियोजना के लिए बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज ने वित्तीय बंदोबस्त पूरा कर लिया है और एसबीआई, एचडीएफसी व यस बैंक समेत प्रमुख बैंकों के कंसोर्टियम से 500 करोड़ रुपये का दीर्घकालीन ऋण प्राप्त किया है। परियोजना पर कुल लगभग 800 करोड़ रुपये के निवेश की योजना है।
रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
यह डाउनस्ट्रीम स्टील कॉम्प्लेक्स चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। पहले चरण से वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत में बिक्री शुरू होने की उम्मीद है, जबकि वित्त वर्ष 2027-28 तक परियोजना के पूर्ण क्षमता पर पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। बोकारो प्लांट के चालू होने से गैल्वनाइज्ड, गैल्वाल्यूम, जेम (ZAM) और कलर-कोटेड शीट्स जैसे वैल्यू एडेड उत्पादों का उत्पादन होगा, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां और रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।

बोकारो परियोजना के विस्तार से लगभग 75 प्रतिशत की
प्रबंधन का अनुमान है कि बोकारो परियोजना के विस्तार के साथ अगले तीन वित्त वर्षों में कंपनी के राजस्व में लगभग 75 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि होगी। हालांकि, परियोजना के समय पर क्रियान्वयन और नए उत्पादों की बाजार में स्वीकार्यता कंपनी के लिए अहम चुनौती बनी रहेगी। बोकारो में यह निवेश न केवल कंपनी, बल्कि पूरे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।
बैलेंस शीट मजबूत, भविष्य को लेकर भरोसा
31 दिसंबर 2025 तक कंपनी पर शुद्ध ऋण 232.31 लाख रुपये रहा। नेट डेट-टू-ईबीआईटीडीए 1.63 गुना और नेट डेट-टू-इक्विटी 0.3 गुना है, जो बोकारो परियोजना सहित भविष्य के विस्तार के लिए पर्याप्त वित्तीय गुंजाइश दर्शाता है।
31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 162.16 करोड़ रुपये रही, जो सालाना आधार पर 9.9 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 11.9 प्रतिशत की वृद्धि है। ऑपरेटिंग ईबीआईटीडीए 3,855 लाख रुपये दर्ज किया गया, जबकि मार्जिन 23.8 प्रतिशत पर बना रहा। शुद्ध लाभ (PAT) में भी तिमाही आधार पर 16.3 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों में कंपनी की कुल परिचालन आय 455.73 करोड़ रुपये रही।

