Bokaro: शहर से बालीडीह थाना क्षेत्र के नरकरा मुकुंदपाड़ा निवासी 46 वर्षीय दुलाली देवी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान मनसा सिंह गेट के समीप तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर चोट आई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल दुलाली देवी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर बालीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हादसे में शामिल बुलेट बाइक को जब्त कर लिया है तथा बाइक सवार से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार दुलाली देवी के पति का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में दो बेटे, एक बेटी और वृद्ध मां हैं, जिनका पूरा भरण-पोषण उन्हीं पर निर्भर था। बताया जा रहा है कि दुलाली देवी जिस ठेका कंपनी में कार्यरत थीं, उससे तथा हादसे में शामिल बाइक सवार से परिजन मुआवजे की मांग कर रहे हैं।


