Bokaro: खेल और फिटनेस के शहर बोकारो में ‘सेल बोकारो हाफ मैराथन 2026’ का उत्साह चरम पर है। इस बार यह आयोजन अपने पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त करने जा रहा है। रेस में कुल 5,800 धावकों ने पंजीकरण कराया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक है।

देश के विभिन्न राज्यों से आ रहे धावक
यह आयोजन अब केवल बोकारो या झारखंड तक सीमित नहीं रह गया है। इस वर्ष के आंकड़ों से स्पष्ट है कि इस हाफ मैराथन ने पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान और ख्याति प्राप्त कर ली है। पंजीकरण कराने वाले धावकों में न केवल स्थानीय लोग शामिल हैं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, बंगाल, ओडिशा और बिहार से भी पेशेवर और शौकिया धावक बोकारो पहुँचने वाले हैं।
स्टील क्लब में मुफ्त ठहरने की व्यवस्था
देश के अलग-अलग राज्यों से आए धावकों की सुविधा के लिए बोकारो स्टील प्लांट (BSL) प्रबंधन ने एक सराहनीय पहल की है। बाहर से आने वाले मेहमानों के लिए शहर के प्रतिष्ठित स्टील क्लब में मुफ्त ठहरने की व्यवस्था की गई है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के रेस में भाग ले सकें।

पूरे राज्य में स्वास्थ्य और खेल चेतना का प्रतीक
बीएसएल के चीफ ऑफ़ कम्युनिकेशन मणिकांत धान ने कहा कि हाफ मैराथन से पहले की हलचल भी तेज हो गई है। बिब (BIB) और टी-शर्ट का वितरण, 29 जनवरी से नगर सेवा भवन में शुरू हो चुका है। स्थानीय धावक 30 जनवरी तक और बाहरी प्रतिभागी 31 जनवरी तक अपना किट ले सकते हैं। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि रेस के दिन (1 फरवरी) कोई वितरण नहीं होगा, इसलिए समय पर किट लेना अनिवार्य है। बोकारो का यह हाफ मैराथन पूरे राज्य में स्वास्थ्य और खेल चेतना का प्रतीक बन चुका है।

