Bokaro: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नबीन के चयन पर भाजपा बोकारो जिला की ओर से खुशी का इजहार किया गया। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में धर्मशाला मोड़, चास में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष ने नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन (Nitin Navin) को बधाई देते हुए कहा कि महज 45 वर्ष की उम्र में दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन का राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव बेहद समृद्ध रहा है। वे पांच बार विधायक रह चुके हैं, पूर्व में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और पार्टी संगठन में युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री व प्रदेश अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष धीरज झा, रामलाल सोरेन, जिला महामंत्री संजय त्यागी, दिलीप श्रीवास्तव, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मुकेश राय, पूर्व जिला उपाध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव, निवर्तमान उप महापौर अविनाश कुमार और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और पार्टी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


