Bokaro: धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पर तेलमोचो पुल के पास भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। विपरीत दिशा से आ रहे एक दस चक्का ट्रक और हुंडई क्रेटा कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के दो टायर मौके पर ही टूटकर अलग हो गए, जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में कार सवार दो लोगों में से एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वहीं कार में सवार अजय कुमार तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वह बोकारो सेक्टर-9 के निवासी हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार धनबाद से बोकारो की ओर आ रही थी, जबकि ट्रक बोकारो से धनबाद की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान तेलमोचो पुल के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

