Bokaro: नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर जिले में आदर्श आचार संहिता के पालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को चिटाही मंदिर चेक पोस्ट पर द्वितीय पाली के दौरान की गई जांच में कुल 2.70 लाख नकद बरामद किए गए।

प्रशासन के अनुसार, बरामद राशि में 1,98,500 और 71,500 शामिल हैं, जो दो अलग-अलग व्यक्तियों के पास से मिली। जांच के दौरान दोनों ही व्यक्ति नकद राशि से संबंधित कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत नकद राशि को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
मामले की जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त और संबंधित निर्वाची पदाधिकारी को दे दी गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना उसकी प्राथमिकता है। अवैध धन के उपयोग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। साथ ही आमजनों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।


