Bokaro: सेक्टर-2 निवासी एक व्यक्ति की 23 वर्षीय पुत्री के कथित अपहरण मामले में बोकारो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को बिहार के गया जिला से सकुशल बरामद कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिजन ने थाना बीएस सिटी में लिखित आवेदन देकर आशंका जताई थी कि उनकी पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। आवेदन के आधार पर बीएस सिटी थाना में 13 फरवरी 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन को विशेष टीम गठित कर युवती की बरामदगी का निर्देश दिया। तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस टीम ने 18 फरवरी को गया के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से युवती को बरामद कर लिया।

पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से गया निवासी एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच मित्रता बढ़ी और वह अपनी इच्छा से उसके साथ चली गई। युवती ने यह भी बताया कि उसने मंदिर में विवाह कर लिया है और उसी युवक के साथ रह रही थी।
पुलिस ने युवती को परिजनों के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें। कानून को हाथ में लेना दंडनीय अपराध है।

