Bokaro: विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री प्रेमचंद सिन्हा द्वारा बीएलओ को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को 37-चन्दनकियारी (अजा) विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी चास से संबंधित बीएलओ को प्रखंड सभागार, चास में प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन, निर्धारित प्रारूप के अनुसार घरों पर स्टीकर चिपकाने तथा हाउस नंबर अंकित करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि स्टीकर को घर के मुख्य द्वार या ऐसी जगह पर चिपकाया जाए, जहाँ वह स्पष्ट रूप से दिखाई दे और सुरक्षित रहे।
इसके साथ ही हाउस नंबर अंकित करने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई, ताकि प्रत्येक घर की पहचान स्पष्ट रूप से हो सके और भविष्य में मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की समस्या नहीं हो। सभी बीएलओ को निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सही ढंग से हाउस नंबर अंकित करें तथा संबंधित जानकारी को समय पर पोर्टल/ऐप में अपडेट करना सुनिश्चित करें।

उल्लेखनीय है कि, बुधवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया था कि सभी बीएलओ को हाउस नंबर देने तथा स्टीकर लगाने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण उप निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा ही दिया जाएगा। इसी क्रम में आज पहले एईआरओ से संबंधित बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया।
जिले में कुल 13 एईआरओ एवं लगभग 1600 बीएलओ हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से संबंधित क्षेत्रों में जाकर प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के कार्यों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रभावी ढंग से संपादित किया जा सके।

