Bokaro: बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बोकारो में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि नितिन नबीन एक कर्मठ, अनुभवी और जमीन से जुड़े युवा नेता हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में नितिन नबीन अपनी ऊर्जा, संगठनात्मक क्षमता और समर्पण से पार्टी को नई मजबूती प्रदान करेंगे।
भाजपा जिला महामंत्री संजय त्यागी ने भी नितिन नबीन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे वर्तमान में बिहार सरकार में मंत्री होने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रभारी की जिम्मेदारी भी सफलतापूर्वक निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में पार्टी संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।

वहीं भाजपा नेता भैया प्रीतम ने पथ निर्माण मंत्री नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने को ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि चित्रगुप्त महापरिवार बोकारो जिला की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी जाती हैं। यह दिन चित्रांश समाज के लिए गौरव का दिन है। नितिन नबीन के मनोनयन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और सभी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा।

