Bokaro: शहर के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित सिवनडीह में मंगलवार की शाम अचानक मचे धमाकों और आग की ऊंची लपटों ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। सिवनडीह कर्बला चौक के समीप संचालित एक टेंट हाउस और गैस रिफिलिंग दूकान में भीषण आग लग गई, जिसके बाद वहां रखे गैस सिलेंडर एक-एक कर विस्फोट करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब एक दर्जन सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए, जिनकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। नेशनल हाईवे-23 के पास हुई इस घटना से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

अवैध रूप से सिलिंडर भरने की दुकान होने की हो रही जाँच
बताया जाता है कि टेंट हाउस और गैस रिफिलिंग की दुकान अगल-बगल में है। लोगो का कहना है कि टेंट हाउस के बगल वाले दुकान में सिलेंडर भरने (Cylinder refilling) का काम किया जाता था। दोनों दूकान दो भाई मिलकर चलते थे। हालांकि गैस रिफिलिंग दूकान होने की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के मकानों को तत्काल खाली कराया गया। लगातार हो रहे धमाकों से पूरा इलाका थर्रा उठा और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। See Video –
चार दमकल गाड़िया
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। नगर प्रशासन की तीन दमकल गाड़ियां और बीएसएल की एक दमकल ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर अधिकारी भगवान ओझा ने बताया कि घटना शाम करीब छह बजे की है। आग में टेंट हाउस से सटी कई दुकानों को नुकसान पहुंचा है। टेंट हाउस दो भाइयों का बताया जा रहा है। वहां गैस रिफिलिंग करने का कार्य भी होता था।

डीसी बोकारो ने 48 घंटे में रिपोर्ट मांगी
इधर, उपायुक्त अजय नाथ झा ने मामले की जांच का जिम्मा एसडीएम चास को सौंपते हुए 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट तलब की है। घटनास्थल पर जले मलबे में कई छोटे-बड़े सिलेंडर मिले हैं। प्रशासन जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

