Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) द्वारा शनिवार को सेक्टर-5 स्थित लाइब्रेरी ग्राउंड में वार्षिक बसंत मेला का शुभारंभ किया गया। दो दिवसीय इस मेले के पहले दिन ही बड़ी संख्या में शहरवासियों की भीड़ उमड़ी। मेले में कुल 106 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें 37 स्टॉल बीएसएल के विभिन्न विभागों के हैं, जबकि शेष निजी विक्रेताओं द्वारा संचालित हैं। यहां प्रदर्शित मिल मॉडल और जानकारीपूर्ण प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को इस्पात निर्माण प्रक्रिया की झलक देखने को मिल रही है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों
निदेशक प्रभारी प्रिया रंजन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बसंत मेला टाउनशिप की कार्यक्षमता, विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामुदायिक पहलों को आम जनता के सामने प्रस्तुत करने का सशक्त मंच है।
वर्क्स, इलेक्ट्रिकल, फायर सर्विसेज, बिजनेस एक्सीलेंस व शिक्षा विभाग के स्टॉल पर भारी भीड़ देखी गई। बोकारो जनरल अस्पताल, सीएसआर, खेल एवं नागरिक सुविधाएं और जनसंपर्क विभाग ने भी सहभागिता की।
फूड व व्यावसायिक स्टॉल
महिला समिति बोकारो द्वारा लगाए गए फूड व व्यावसायिक स्टॉल तथा सांस्कृतिक-संगीत कार्यक्रमों ने मेले को उत्सवी माहौल प्रदान किया। सेक्टर-4 निवासी राकेश कुमार ने कहा कि मिल मॉडलों से आम लोगों को इस्पात उत्पादन समझने में आसानी होती है, वहीं अंजलि वर्मा ने इसे परिवारों के लिए उत्सव बताया।


