Bokaro : जिले के दुग्धा थाना क्षेत्र अंतर्गत नालापट्टी गांव में तीन दिनों से लापता 16 वर्षीय किशोर का शव पेड़ से झूलता हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान श्रवण कुमार के रूप में हुई है, जो तीन दिन पहले घर से निकला था और वापस नहीं लौटा था।

परिजनों के अनुसार, श्रवण के लापता होने के बाद उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। मंगलवार को ग्रामीणों ने सूचना दी कि जंगल में एक पेड़ से शव लटका हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
घटना की जानकारी मिलने पर दुग्धा और चंद्रपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चास अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।

मृतक के बड़े भाई पिंटू कुमार ने बताया कि वे लोग पुलिस में शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे, तभी शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

