Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के नगर प्रशासन (बागवानी विभाग) की ओर से 21 व 22 फरवरी 2026 को जवाहरलाल नेहरू जैविक उद्यान (जेएनबी पार्क) में दो दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी ‘पुष्पिता–2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में नगरवासियों द्वारा तैयार विभिन्न प्रजातियों के पुष्पों को प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा। प्रदर्शनी के बाद निर्णायक मंडल तीन सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों का चयन करेगा, जिन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। चयनित पुष्पों को आगामी बसंत मेला–2026 में भी प्रदर्शित किया जाएगा।

कम से कम दो गमले
भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को कम से कम दो गमले (न्यूनतम 10 इंच व्यास) प्रस्तुत करने होंगे। प्रत्येक गमले में अलग-अलग प्रकार के पूर्ण रूप से खिले पुष्प होने चाहिए और गमले रंगे हुए, अधिमानतः लाल रंग के हों। गमले पर प्रतिभागी का नाम, पता, मोबाइल नंबर व पुष्प संबंधी संक्षिप्त जानकारी अंकित करना अनिवार्य है। प्रतिभागी या उनका प्रतिनिधि जजों को पुष्पों की जानकारी देगा।
पुरस्कार वितरण 22 फरवरी को
कार्यक्रम का उद्घाटन 21 फरवरी को सुबह 10 बजे तथा समापन व पुरस्कार वितरण 22 फरवरी को शाम 5 बजे होगा। इच्छुक प्रतिभागी 17 फरवरी शाम 5:30 बजे तक ऑनलाइन या जेएनबी पार्क कार्यालय में पंजीकरण करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है। निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम होगा।


