Bokaro: शहर के महिला सिटी थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और साइबर अपराध के एक गंभीर मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दर्ज मामले में पुलिस ने सैयद मोहम्मद अजीज (उम्र लगभग 32 वर्ष), थाना बालीडीह को गिरफ्तार किया है।
नग्न तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल
आरोपी की पत्नी ने थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उसका पति दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। आरोप है कि इसी क्रम में आरोपी ने पत्नी की निजी नग्न तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं, दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा तथा आईटी एक्ट की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।
घर पर छापेमारी कर किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मखदुमपुर स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

दो स्मार्ट फोन बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक काले रंग का सैमसंग गैलेक्सी ए-55 स्मार्ट फोन तथा एक नीले रंग का सैमसंग गैलेक्सी ए-12 स्मार्ट फोन बरामद किया है, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया है। इस कांड के अनुसंधानकर्ता बालीडीह थाना प्रभारी पु.नि. नवीन कुमार सिंह हैं। छापेमारी दल में पु.अ.नि. अजय कुमार राय एवं आरक्षी बैजनाथ राउत शामिल थे, जिनके प्रयास से आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घरेलू हिंसा या साइबर अपराध से संबंधित किसी भी आपात स्थिति में 112, महिला हेल्पलाइन 1091/181 अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत सूचना दें।

