Bokaro: हजारीबाग के विष्णुगढ़ में 13 वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने गुरुवार को बोकारो के नया मोड़ स्थित बिरसा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी और महानगर अध्यक्ष मंटू यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उसके दोहरे चरित्र पर सवाल उठाए।

भाजपा पर अस्थिरता फैलाने का आरोप
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए रतनलाल मांझी ने कहा कि भाजपा राज्य में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी राज्य सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाती है, भाजपा के नेता समाज में भ्रम और विभाजन फैलाने में जुट जाते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक मुद्दों को उछालकर माहौल बिगाड़ना भाजपा की रणनीति रही है।
आरोपी के भाजपा से जुड़े होने का दावा
महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि विष्णुगढ़ हत्याकांड का आरोपी भीम राम पहले भाजपा के एससी मोर्चा में पदाधिकारी रह चुका है। उन्होंने इसे भाजपा के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” नारे के विपरीत बताया और पार्टी पर नैतिक जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया।

पुलिस कार्रवाई की सराहना, फांसी की मांग
झामुमो नेताओं ने हजारीबाग पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि मामले का शीघ्र खुलासा सराहनीय है। साथ ही उन्होंने मांग की कि आरोपी को कड़ी सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल चलाया जाए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

