Bokaro: झारखंड की अस्मिता और संघर्ष के प्रतीक दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की स्मृति में अब बोकारो का टाउन हॉल ‘शिबू सोरेन स्मृति भवन’ कहलाएगा। यह फैसला नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा लिया गया है।
स्व. सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रणेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे हैं। सेक्टर 1-C में उनका आवास आज भी है। उनका बोकारो से गहरा नाता रहा है। राज्य निर्माण की लड़ाई में बोकारो कई बार आंदोलन और रैलियों का केंद्र बना, जहां गुरुजी ने जनता का नेतृत्व किया था। उनका निधन 4 अगस्त, 2025 को हुआ था।
उनकी याद में यह नामकरण निर्णय लिया गया है ताकि नई पीढ़ी झारखंड के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और बलिदान से परिचित हो सके। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने इस पहल को ऐतिहासिक बताया। विभाग शीघ्र ही नाम परिवर्तन की औपचारिक घोषणा करेगा, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

