Bokaro: दुर्गा पूजा के अवसर पर नया मोड़ स्थित वेस्टर्न फॉर्म में आयोजित डांडिया कार्यक्रम रविवार को रात 11 बजे तक जारी रहा। जबकि प्रशासन ने केवल 10:30 बजे तक की अनुमति दी थी। समय सीमा के उल्लंघन के बाद जिला प्रशासन एक्शन में आया और SDO चास, प्रांजल ढ़ांडा के निर्देश पर कार्यक्रम को जबरन बंद करा दिया गया।
फूहड़ गीतों से नाराज़ लोग, प्रशासन सख्त
इस नवरात्रि में शहर में हो रहे कई डांडिया आयोजनों में फूहड़ गीत बजाने को लेकर आम लोगों में नाराज़गी जताई जा रही है। बढ़ते विरोध और शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए रविवार को विभिन्न डांडिया स्थलों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस फोर्स की तैनाती की थी।
पिछले दो दिनों से मिल रही थी शिकायतें
सूत्रों के मुताबिक, वेस्टर्न फॉर्म में आयोजित डांडिया कार्यक्रम की शिकायतें पिछले दो दिनों से जिला प्रशासन तक पहुँच रही थीं। इस कारण प्रशासन की विशेष नजर इस कार्यक्रम पर थी। जैसे ही आयोजकों ने समय सीमा का उल्लंघन किया, तुरंत कार्रवाई की गई।
SDO ने आयोजकों को दी चेतावनी
SDO प्रांजल ढ़ांडा ने कहा कि हमारा प्रयास है कि सभी धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण और नियमों के तहत संपन्न हों। आयोजकों को समय सीमा का कड़ाई से पालन करना चाहिए था। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को रात 10:30 बजे तक आयोजित करने की अनुमति दी गई थी।

