Bokaro : ज़िले के गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत तुसको कर्बला मैदान के पास जंगल में 18 वर्षीय सतीश कुमार रविदास का शव नीम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। वह रविदास टोला निवासी जमुना रविदास का छोटा पुत्र था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

परिजनों के अनुसार, मृतक के बड़े भाई राजकुमार रविदास की शादी 21 अप्रैल को तय थी। घर में तैयारियां चल रही थीं और मेहमानों का आना-जाना शुरू हो चुका था, लेकिन इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शनिवार सुबह महुआ चुनने गई महिलाओं ने शव को पेड़ से लटका देखा और शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस जांच में युवक के पास से गांजा, कफ सिरप की बोतलें, मोबाइल और रस्सी बरामद हुई है। परिजनों ने हत्या से इनकार किया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।


