Bokaro: जिले में लगातार हो रही बिजली पोल चोरी की घटनाओं के मामले में जरीडीह पुलिस ने सफलता हासिल की है। एसपी बोकारो हरविंदर सिंह ने कहा कि गोपीनाथपुर गांव से चोरी की घटनाओं में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों से गैस कटर, चार बड़े ऑक्सीजन सिलेंडर, पिकअप वाहन और चोरी किए गए 14 बिजली पोल के टुकड़े बरामद किए हैं।
शिकायत पर हुई कार्रवाई
सहायक विद्युत अभियंता अमित खेस ने जरीडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर अपराधियों को दबोचने में दल सफल रहा।
चोरी का खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में यह स्वीकार किया कि उन्होंने 14-15 अगस्त की रात गोपीनाथपुर से अलारडीह तक लगे बिजली पोल भी चोरी कर बेचे थे।

गिरफ्तार अपराधी और दल
अपराधियों में फिरोज अली (35 वर्ष), शुभम कुमार दूबे (32 वर्ष) और सुजीत सिंह (53 वर्ष) शामिल हैं। छापामारी दल में थाना प्रभारी विपिन चन्द्र महतो, पु.नि. हितनारायण महतो, पु.अ.नि. विकास विश्वकर्मा, स.नि. मनोज कुमार ठाकुर और जरीडीह थाना सशस्त्र बल के सदस्य शामिल रहे।

