Bokaro: भारतीय जनता पार्टी (BJP), झारखंड प्रदेश द्वारा बोकारो जिला इकाई की नई कार्यकारिणी की घोषणा एक ऐसे समय में की गई है जब हाल ही में संपन्न MLA और मेयर चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन अपेक्षाओं से काफी नीचे रहा। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि लगातार मिली हार के बाद संगठन को अब “रीसेट मोड” में डालकर पूरी तरह से नए सिरे से खड़ा करने की कोशिश की जा रही है, मानो पहले की पूरी रणनीति ही ध्वस्त हो चुकी हो।

पुराने खेमे का सूपड़ा साफ़
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की सहमति से घोषित इस नई टीम में सुरेन्द्र राज को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। उपाध्यक्ष पद पर संजय त्यागी, बिनोद गोराई, अनिल स्वर्णकार, गिरजा देवी और सिंह को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। पूर्व अध्यक्ष जयदेव राय के खेमे का सूपड़ा साफ़ हो गया है।
महामंत्री और मंत्री स्तर पर भी नई नियुक्तियां की गई हैं, जिनमें संजय सिन्हा, राम लाल सोरेन, ईश्वर महतो, विभीषण सिंह चौधरी तथा बबिता देवी जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा मंत्री पद पर एंजला सिंह और मनोज ठाकुर को जिम्मेदारी दी गई है। कार्यालय मंत्री जयनारायण मरांडी को बनाया गया है।

ग्राउंड ज़ीरो
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह पूरी कवायद संगठन को फिर से “ग्राउंड ज़ीरो” से खड़ा करने जैसी है, क्योंकि चुनावी हार ने जमीनी पकड़ पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभी भी कुछ पद रिक्त रखे गए हैं, जिससे साफ संकेत मिलता है कि संगठनात्मक ढांचा अभी अधूरा है।
लंबा संघर्ष
कुल मिलाकर, नई टीम के गठन को लेकर पार्टी के भीतर उम्मीदें भी हैं और चुनौती भी, लेकिन तंज यह भी है कि अब बोकारो भाजपा को अपनी राजनीतिक जमीन फिर से बोने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ेगा।

