Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) विभाग के तत्वावधान में आयोजित “ग्रामीण फुटबॉल प्रतियोगिता-2026” का रंगारंग समापन बुधवार को हुआ। 26 फरवरी को मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भर्रा XI ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आदिवासी क्लब, पारटांड को 2-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे मैच के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

खेल प्रतिभाओं को निखारने
समापन समारोह में बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए बीएसएल की पहल की सराहना की और खिलाड़ियों को अनुशासन, टीम भावना एवं निरंतर अभ्यास के बल पर आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी सहित कई वरीय अधिकारी, सीएसआर एवं खेल विभाग के पदाधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।
कुल 52 टीमों ने लिया भाग
उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता 13 से 26 फरवरी तक आयोजित हुई, जिसमें कुल 52 टीमों ने भाग लिया। इनमें 48 टीमें परिधीय गांवों से, दो टीमें झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस से तथा दो महिला टीमें शामिल थीं। महिला टीमों की पहली बार भागीदारी विशेष आकर्षण रही। अंत में विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


