Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के विद्युत नगर विभाग ने सेक्टर-2ए स्थित दुंदीबाग हटिया के सामने बिजली के खंभों से हो रही अवैध कनेक्शन पर कार्रवाई की। अवैध तारों के कारण क्वार्टरों में रहने वाले लोगों को वोल्टेज फ्लक्चुएशन और अन्य तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। दुंदीबाग बाजार में हो रही अवैध बिजली आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए BSL ने ये ड्राइव चलाया।

शिकायत पर चला अभियान
स्थानीय निवासियों की शिकायत के बाद महाप्रबंधक (इलेक्ट्रिकल) राजुल हलकर्णी के नेतृत्व में टीम ने डीजीएम डी.के. सिंह के साथ मिलकर छापेमारी की। इस दौरान कई अवैध कनेक्शन हटाए गए, जो दुंदीबाग बाजार तक बिजली आपूर्ति के लिए इस्तेमाल हो रहे थे।
3 किलोमीटर तार बरामद
BSL सूत्रों के अनुसार अतिक्रमणकारियों द्वारा 4 एमएम और 6 एमएम मोटे तारों से बिजली चोरी की जा रही थी। यह बिजली अवैध दुकानों, घरों और ठेलों तक पहुंचाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान करीब 3 किलोमीटर लंबे तार जब्त किए गए, जिससे BSL को हर महीने लाखों रुपये का नुकसान हो रहा था।

बढ़ती खपत और चोरी बनी चुनौती
करीब 5 लाख आबादी वाले इस टाउनशिप में बिजली खपत 1980 के दशक के 30 मेगावाट से बढ़कर अब 55 मेगावाट तक पहुंच गई है। पिछले कुछ वर्षों में बढ़ते अतिक्रमण ने बिजली चोरी को बढ़ावा दिया है। विभाग के अनुसार, हर साल करीब 50 करोड़ रुपये का नुकसान बिजली चोरी से हो रहा है। इसे रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

