Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने अन्य विशिष्ट अतिथियों के साथ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर की। इस अवसर पर बोकारो महिला समिति की अध्यक्षा शुभम रंजन, पद्मश्री पर्वतारोही प्रेमलता अग्रवाल और पर्यावरण कार्यकर्ता पद्मश्री चामी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थीं।

कार्यक्रम में संयंत्र के कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में महिला अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) बनर्जी राजश्री, अधिशासी निदेशक (खान) विकास मनवती, कार्यकारी अधिशासी निदेशक (वित्त एवं लेखा) एस.के. भारद्वाज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद कुमार, कार्यकारी अधिशासी निदेशक (संकार्य) धनंजय कुमार, कार्यकारी अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन) हर्ष निगम और मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास की मुख्य महाप्रबंधक नीता बा सहित कई अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट्स) अनिमा कुशवाहा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने बीएसएल की महिला कर्मियों को “इंक्रेडिबल आयरन लेडीज” बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। इस वर्ष के विषय “गिव टू गेन” पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज और संगठन दोनों के विकास का महत्वपूर्ण आधार है।

समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं। कला अकादमी के छात्रों ने भक्ति नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि महिला अधिकारियों ने प्रेरक गीतों से कार्यक्रम को जीवंत बनाया। संकार्य विभाग की महिला कर्मियों ने क्षेत्रीय नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना बटोरी।
कार्यक्रम में पद्मश्री प्रेमलता अग्रवाल और पद्मश्री चामी मुर्मू ने अपने प्रेरक अनुभव साझा किए। इस दौरान बीएसएल की 20 महिला कर्मियों को उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं प्रोजेक्ट्स डिवीजन में लंबे समय तक सेवा देने वाली कर्मचारी जानकी देवी को दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि प्रिय रंजन ने अपने संबोधन में संयंत्र की प्रगति में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विभागों द्वारा नृत्य-नाटिका और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। अंत में महाप्रबंधक अनुपमा तिवारी के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

