Bokaro: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026 (Union Budget) का झारखंड के इस्पात उद्योग ने खुले दिल से स्वागत किया है। राज्य में कार्यरत प्रमुख इस्पात उत्पादकों का कहना है कि बजट में बुनियादी ढांचे के विकास, घरेलू विनिर्माण को मजबूती और निरंतर पूंजीगत व्यय (Capex) पर जो स्पष्ट जोर दिया गया है, वह स्टील सेक्टर के लिए दूरगामी रूप से लाभकारी सिद्ध होगा। रेल, आवास, लॉजिस्टिक्स और शहरी अवसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं में निवेश बढ़ने से आने वाले वर्षों में स्टील की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।
झारखण्ड के बड़े स्टील उत्पादकों ने सराहा
सेल की इकाई बोकारो स्टील प्लांट (BSL), वेदांता समूह की ईएसएल स्टील लिमिटेड (ESL Steel) और बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज लिमिटेड (BMWIL) जैसे बड़े उत्पादकों ने कहा कि यह बजट सरकार की औद्योगिक विकास को लेकर स्पष्ट और मजबूत नीति को दर्शाता है। बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के निदेशक प्रभारी प्रिया रंजन ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कंटेनर निर्माण के लिए बजटीय समर्थन की घोषणा बीएसएल के लिए नए अवसर लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि बजट में किए गए कर सुधारों से न केवल प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी, बल्कि पूरे स्टील सेक्टर को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
ये बजट नए रास्ते खोलेगा: BSL, Director Incharge

सेल का 5 मिलियन टन प्रतिवर्ष क्षमता वाला बोकारो स्टील प्लांट झारखंड में औद्योगिक विस्तार की धुरी माना जाता है। प्रिया रंजन ने कहा कि यह बजट राज्य में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और वैल्यू-चेन के विस्तार के लिए नए रास्ते खोलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि बोकारो स्टील प्लांट परिचालन उत्कृष्टता, वैल्यू-एडेड उत्पादों और टिकाऊ स्टील निर्माण के माध्यम से इन अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए तैयार है।

उद्योग के लिए सकारात्मक संकेत: ESL, Dy CEO

वहीं, 1.5 मिलियन टन प्रतिवर्ष क्षमता वाले ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट का संचालन करने वाली ईएसएल स्टील लिमिटेड के डिप्टी सीईओ रविश शर्मा ने कहा कि “केंद्रीय बजट में अवसंरचना, आवास और विनिर्माण पर दिया गया मजबूत फोकस लॉन्ग प्रोडक्ट स्टील उद्योग के लिए सकारात्मक संकेत है। पूंजीगत व्यय की निरंतरता और नीतिगत स्थिरता से मांग को मजबूती मिलेगी और देश के घरेलू स्टील इकोसिस्टम को बल मिलेगा।”
राज्य-देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती: BMWIL, MD

इसी तरह बोकारो औद्योगिक क्षेत्र में 803.47 करोड़ रुपये के निवेश से ग्रीनफील्ड डाउनस्ट्रीम स्टील कॉम्प्लेक्स स्थापित कर रही बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज लिमिटेड (BMWIL) के प्रबंध निदेशक हर्ष बंसल ने कहा कि बजट औद्योगिक विकास और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के बीच संतुलन साधने की दिशा में एक अहम कदम है। उनके अनुसार, इससे स्टील उद्योग टिकाऊ तरीके से आगे बढ़ेगा और राज्य के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

