Bokaro : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ( #सीबीएसई ) की 10वीं बोर्ड परीक्षा मंगलवार से बोकारो जिले में शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गई। परीक्षा आगामी 13 मार्च तक चलेगी, वहीं 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से प्रारंभ होकर 10 अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी। सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार के अनुसार, बोकारो जिले में बनाए गए कुल 23 परीक्षा केन्द्रों पर पहले दिन कुल पंजीकृत 9430 परीक्षार्थियों में से 9371 ने गणित विषय की परीक्षा की। 59 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थी मैथेमैटिक्स स्टैंडर्ड और मैथेमेटिक्स बेसिक की परीक्षा में शामिल हुए।

केन्द्रवार उपस्थिति की जानकारी साझा करते हुए डॉ. गंगवार ने बताया कि सरस्वती विद्या मंदिर- 3सी में 377, डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 में 772, चिन्मय विद्यालय सेक्टर- 5 में 453, होलीक्रॉस स्कूल बालीडीह में 624, पिट्स मॉडर्न गोमिया में 475, डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी में 399, जीजीपीएस- 5 में 831, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 में 415, आदर्श विद्या मंदिर, दारकूनगर में 347, एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर- 4 में 613, डीएवी स्वांग में 315, बीआरएल डीएवी भंडारीदह में 366, श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, सेक्टर-5 में 588, पेंटिकॉस्टल एसेंबली स्कूल सेक्टर-12 में 324, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल सेक्टर- 6 में 290, जीजीपीएस चास में 399, डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर- 6 में 195, होलीक्रॉस स्कूल चंदनकियारी में 324, डीएवी पब्लिक स्कूल तेनुघाट में 152, डीपीएस चास में 264, केंद्रीय विद्यालय-1 सेक्टर-4 में 341, केंद्रीय विद्यालय सीटीपीएस चंद्रपुरा में 352 और केंद्रीय विद्यालय डीवीसी बोकारो थर्मल में 155 परीक्षार्थी शामिल हुए।
कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच हो रही परीक्षा
सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. गंगवार ने बताया कि प्रशासनिक सहयोग के साथ-साथ सभी केंद्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों एवं वीक्षकों के समन्वित प्रयास से परीक्षा पूर्णतया शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई। कहीं से भी कोई कदाचार या अन्य गड़बड़ी की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे से कड़ी निगरानी की जा रही है। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच या अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश से पूर्व दो से तीन स्तर की सघन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो सके। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस व प्रशासन की भी मुस्तैदी दिखी।

केंद्रों के बाहर दिनभर बनी रही गहमा-गहमी
इधर, परीक्षा के पहले दिन छात्र-छात्राओं में उत्साह और आत्मविश्वास देखा गया। जिले के तमाम 23 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही गहगा-गहमी और खास चहल-पहल देखी गई। केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ भी नजर आई, जो अपने बच्चों का हौसला बढ़ाते देखे जा रहे थे। कई विद्यार्थियों ने परीक्षा काफी अच्छी जाने की बात कही। 18 फरवरी को कक्षा 12वीं की शारीरिक शिक्षा की परीक्षा होगी, जिसमें कुल 3,856 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

