Bokaro: नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत चास नगर निगम (वर्ग ‘ख’) के महापौर पद की मतगणना पूरी होने के बाद श्री भोलू पासवान को विजयी घोषित किया गया। पांच चरणों में संपन्न हुई मतगणना में उन्होंने कुल 17,796 वैध मत प्राप्त कर सभी प्रत्याशियों को पीछे छोड़ दिया।

इतने वोट से जीते
उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अविनाश कुमार को 14,827 मत मिले। इस तरह भोलू पासवान ने 2,969 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर महापौर पद पर कब्जा जमाया। तीसरे स्थान पर रहे जमील अख्तर को 10,320 मत प्राप्त हुए। चास नगर निगम के महापौर पद के लिए पांचवें एवं अंतिम मतगणना परिणाम की घोषणा के बाद निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा ने विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र प्रदान किया।
समर्थकों में उत्साह का माहौल
चुनाव में कुल 82,311 मत डाले गए, जिनमें से 77,053 मत वैध पाए गए जबकि 5,258 मत निरस्त कर दिए गए। मतगणना कार्य प्रथम से पंचम चक्र तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया। प्रत्येक चरण के बाद अभ्यर्थियों को मतों की जानकारी उपलब्ध कराई गई। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। भोलू पासवान की जीत के साथ ही समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया।


