Bokaro: चास नगर निगम में मेयर पद के लिए सोमवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन भाजपा (BJP) ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने पूर्व उपमहापौर व वरिष्ठ कार्यकर्ता अविनाश कुमार (Abinash Kumar) को मेयर पद के लिए अपना समर्थित उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इस घोषणा के बाद भाजपाइयों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
भाजपा के पूर्व बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी पुष्टि की। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि चास नगर निगम (Chas Nagar Nigam) मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार बनने पर पूर्व डिप्टी मेयर अविनाश कुमार को हार्दिक बधाई एवं जीत की अग्रिम शुभकामनाएं।
गौरतलब है कि मेयर (Mayor) पद के लिए नामांकन प्रपत्रों की बिक्री पूरी हो चुकी है। इस दौरान भाजपा से जुड़े कुल सात कार्यकर्ताओं ने पर्चा खरीदा है। इनमें अविनाश कुमार के अलावा परिंदा सिंह, रीतु रानी सिंह, कृष्णा राय, आरती राणा, विकास कुमार और अरबिंद कुमार शामिल हैं।

अब अविनाश कुमार को भाजपा का आधिकारिक समर्थन मिलने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि अन्य भाजपाई उम्मीदवार मैदान में बने रहते हैं या पार्टी के समर्थन में नाम वापस लेते हैं। आने वाले दिनों में राजनीतिक तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।

