Bokaro: नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। वाहन कोषांग पदाधिकारी सह जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती मारुति मिंज ने चुनावी कार्यों के सुचारू संचालन के लिए 70 वाहनों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में संबंधित वाहन मालिकों को निर्धारित तिथि व समय पर अपने वाहन निर्वाचन कार्य के लिए उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

वाहन जमा करने होंगे
जारी आदेश के अनुसार सभी अधिग्रहित वाहन आगामी 19 फरवरी 2026 की संध्या तक डीएवी स्कूल, सेक्टर-8, बोकारो स्टील सिटी में जमा करने होंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय पर वाहन उपलब्ध नहीं कराने की स्थिति में संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इसलिए वाहनों की जरुरत
जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज ने बताया कि मतदान कर्मियों के आवागमन, ईवीएम मशीनों के सुरक्षित परिवहन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त वाहनों की जरूरत होती है। इसी उद्देश्य से वाहन कोषांग द्वारा पूर्व सूचना के साथ वाहनों का अधिग्रहण (रिक्विजिशन) किया जाता है।

उन्होंने कहा कि वाहन कोषांग द्वारा वाहनों की टैगिंग, आवंटन एवं निगरानी की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाती है, ताकि निर्वाचन कार्य समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। जिला प्रशासन ने वाहन मालिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में सभी की सहभागिता जरूरी है।

