Bokaro: नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 को लेकर चास नगर निगम (Chas Nagar Nigam) क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज होते जा रही है। नामांकन के चौथे दिन महापौर और वार्ड पार्षद पद के लिए उम्मीदवारों की सक्रियता साफ नजर आई। चास नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल तीन अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रपत्र खरीदे, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 27 उम्मीदवारों ने पर्चे लिए।
मेयर पद के लिए 4 अभ्यर्थियों ने भरे पर्चे
नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया के तहत चास नगर निगम में महापौर पद के लिए चार अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पर्चे जमा किए। महापौर पद के लिए नामांकन करने वालों में भोलू पासवान, विकास कुमार पाण्डेय, गजेंद्र प्रसाद हिमांशु और निधि कुमारी शामिल हैं। वहीं, वार्ड पार्षद पद के लिए 64 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया।
निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष चास नगर निगम क्षेत्र से मेयर और वार्ड पार्षद मिलाकर कुल 68 उम्मीदवारों ने नामांकन पर्चे जमा किए। नामांकन प्रक्रिया के साथ ही चास में चुनावी माहौल गरमाने लगा है और आने वाले दिनों में उम्मीदवारों की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।


