Bokaro: नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (DEO) सह उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं आधारभूत सुविधाओं की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में मतदान दिवस पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

हर बूथ पर विशेष दंडाधिकारी
डीईओ सह डीसी ने निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दंडाधिकारियों को उनके क्षेत्र की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से समझाई जाएं और वे मतदान समाप्ति तक अपने क्षेत्र में सक्रिय रहें। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सेंसिटिव बूथों पर कड़ी निगरानी
अति संवेदनशील एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों की अलग से समीक्षा करते हुए वहां सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में फ्लैग मार्च एवं पुलिस गश्ती बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध, सुदृढ़ क्यू मैनेजमेंट
मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रवेश द्वार पर ही इसकी सख्ती से जांच करने के निर्देश दिए गए। लंबी कतार से बचाव के लिए विशेष क्यू मैनेजमेंट टीमों की तैनाती होगी। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और गर्भवती महिलाओं के लिए आवागमन हेतु टोटो वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
ड्रोन कैमरों से होगी
अधिक मतदाताओं वाले एवं संकीर्ण मार्ग वाले मतदान केंद्रों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी। इससे भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सकेगा। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी सूचना या घटना से विचलित हुए बिना निर्धारित एसओपी के तहत त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें। अफवाहों पर नियंत्रण और सूचनाओं के त्वरित सत्यापन पर भी विशेष जोर दिया गया।

