Bokaro: नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत जिले के चास नगर निगम क्षेत्र एवं फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में 23 फरवरी 2026 को मतदान संपन्न कराया जाएगा। मतदान को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर 08 बी स्थित डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल को डिस्पैच सेंटर बनाया गया है, जहां से मतदान दलों को मतदान सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।

वहीं, चास स्थित बाजार समिति को वज्रगृह (स्ट्रॉन्ग रूम) के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां मतदान उपरांत बैलेट बाक्स एवं अन्य सामग्री सुरक्षित रखी जाएगी। सुबह 8 बजे से रवाना होंगे मतदान दल, पदाधिकारी–कर्मियों की हुई प्रतिनियुक्ति
डिस्पैच सेंटर पर विभिन्न कोषांगों में पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। रविवार सुबह आठ बजे से ही मतदान दलों का डिस्पैच प्रारंभ हो जाएगा। सभी मतदान कर्मियों को समय पर उपस्थित रहने तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डीईओ सह डीसी – डीडीसी की देखरेख में तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार की देखरेख में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। चास नगर निगम क्षेत्र में कुल 136 मतदान केंद्रों तथा फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में 65 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

