Bokaro: नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत जिले के शहरी क्षेत्रों में 23 फरवरी 2026 को मतदान आयोजित किया जाएगा। चुनाव को लेकर प्रशासन द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशानुसार मतदान के समय मतदाताओं को अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीक) प्रस्तुत करना होगा। हालांकि, यदि किसी कारणवश मतदाता अपने साथ ईपीक नहीं ला पाते हैं, तो वे वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेज प्रस्तुत कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

12 प्रकार के वैकल्पिक पहचान दस्तावेज मान्य
राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए ईपीक के अलावा 12 प्रकार के फोटोयुक्त दस्तावेजों को मान्यता दी गई है। इनमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, केंद्र या राज्य सरकार/सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, पैन कार्ड, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय का स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, आधार कार्ड, सांसद/विधायक/पार्षद पहचान पत्र तथा विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) शामिल हैं।
मतदाताओं से अधिकाधिक भागीदारी की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने शहरी क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। जिले के चास और फुसरो नगर क्षेत्रों में मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से सुबह ही मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान करने तथा शांतिपूर्ण चुनाव में सहयोग करने का आग्रह किया है।


