Bokaro: सिंगल यूज प्लास्टिक (Plastic) और प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए चास नगर निगम (Chas Nagar Nigam) ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई प्रशासक-सह-अपर नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम की प्रवर्तन टीम द्वारा की गई।

अभियान के तहत बाजार समिति क्षेत्र और जोधाडीह मोड़ के आसपास स्थित व्यावसायिक इलाकों में दर्जनों दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठान सिंगल यूज प्लास्टिक और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री करते पाए गए। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित दुकानदारों से कुल रस 48,000 का आर्थिक दंड वसूला गया।
अपर नगर आयुक्त ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक न केवल मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि इससे शहर की सड़कों और नालियों में जाम की स्थिति पैदा होती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बाजार में पर्यावरण के अनुकूल कई विकल्प उपलब्ध हैं, जिन्हें अपनाया जाना चाहिए।

इस प्रवर्तन अभियान का नेतृत्व सहायक नगर आयुक्त स्मिता किरण ने किया। उनके साथ नगर प्रबंधक सहित नगर निगम के अन्य कर्मी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


