Bokaro: राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। चास नगर निगम में 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही नगर निगम क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। मतगणना 27 फरवरी को कराई जाएगी।

चास नगर निगम क्षेत्र में कुल 35 वार्ड हैं। मतदाता सूची 01 अक्टूबर 2024 को अर्हता तिथि मानते हुए तैयार की गई है, जिसे जिला की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। नगर निगम में कुल 1,62,073 मतदाता हैं, जिनमें 83,106 पुरुष, 78,950 महिला और 17 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
चुनाव के लिए कुल 130 मतदान भवनों में 54 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से कई मतदान केंद्रों को संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार चास नगर निगम का महापौर पद अनारक्षित रखा गया है। चुनाव मतपत्र और मतपेटिका (Ballot) के माध्यम से कराए जाएंगे। इस बार नगरपालिका चुनाव में नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन 29 जनवरी से 4 फरवरी तक होगा। नामांकन पत्रों की जांच 5 फरवरी, नाम वापसी 6 फरवरी और चुनाव चिह्नों का आवंटन 7 फरवरी को किया जाएगा। मतगणना एवं बज्रगृह कृषि उत्पादन बाजार समिति, चास में बनाए गए हैं। महापौर पद के लिए चुनावी खर्च की अधिकतम सीमा 15 लाख रुपये तथा वार्ड पार्षद के लिए 3 लाख रुपये निर्धारित की गई है।





