Bokaro: चास नगर निगम चुनाव 2026 में निर्वाचित महापौर एवं वार्ड सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह 17 मार्च 2026 को चास नगर निगम कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। इसी अवसर पर उप महापौर का अप्रत्यक्ष निर्वाचन भी कराया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।

समारोह के मद्देनजर प्रशासन ने विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की है। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) चास सुश्री प्रांजल ढ़ांडा के निर्देश पर 17 मार्च को सुबह 9 बजे से शपथ ग्रहण समारोह की समाप्ति तक यातायात रूट में अस्थायी बदलाव लागू रहेगा।
निर्देश के अनुसार तेलीडीह हाईवे मोड़ से आईटीआई हाईवे मोड़ की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन तेलीडीह मोड़ से सड़क के दाहिने लेन से कराया जाएगा। वहीं, तेलीडीह मोड़ से आईटीआई हाईवे मोड़ तक सड़क का बायां लेन पूरी तरह बंद रहेगा।

प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और कार्यक्रम के दौरान प्रशासन का सहयोग करें, ताकि व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। यातायात व्यवस्था को लागू कराने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

