Bokaro: चिन्मय विद्यालय, बोकारो में आयोजित पांच दिवसीय हरि सेवा कैंप का समापन बुधवार, 24 सितंबर को हुआ। विदाई समारोह में बोकारो स्टील प्लांट की अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन विभाग) राजाश्री बनर्जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ सीसीएमटीईसी की एकेडमिक एडमिनिस्ट्रेटर मीना श्रीराम, चिन्मय मिशन बोकारो के सचिव महेश त्रिपाठी, प्राचार्य सूरज शर्मा भी उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और कंपेंडियम लॉन्च
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें नवरात्रि की झलक देखने को मिली। कक्षा प्रेप से 12वीं तक के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के दौरान पांच दिनों की गतिविधियों को दर्शाने वाला कंपेंडियम लॉन्च किया गया। साथ ही सभी सात चिन्मय विद्यालयों को मुख्य अतिथि ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

गायत्री हवन से दैविक माहौल
समापन दिवस की सुबह विशेष गायत्री हवन का आयोजन हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने गायत्री मंत्र के साथ आहुति दी। निरंतर मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।
समाज निर्माण की अनूठी पहल : राजाश्री बनर्जी
मुख्य अतिथि राजाश्री बनर्जी ने कहा कि समाज के प्रति सेवा भाव रखना भारत की संस्कृति और श्रृंगार है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि चिन्मय मिशन की यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होगी। हरि सेवा कैंप जैसी गतिविधियां आने वाली पीढ़ियों को सेवा और संस्कार का सशक्त संदेश देती हैं।
बोकारो का आयोजन सबसे श्रेष्ठ : मीना श्रीराम
सीसीएमटीईसी की एकेडमिक एडमिनिस्ट्रेटर श्रीमती मीना श्रीराम ने अपने संबोधन में कहा कि चिन्मय विद्यालय बोकारो द्वारा आयोजित यह सेवा कैंप अब तक का सबसे सफल और श्रेष्ठ आयोजन रहा है। उन्होंने इसके लिए विद्यालय प्रबंधन और प्राचार्य को विशेष धन्यवाद दिया।
सेवा से समाज होगा मजबूत : प्राचार्य सूरज शर्मा
धन्यवाद ज्ञापन में प्राचार्य श्री सूरज शर्मा ने कहा कि सेवा भाव से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। उन्होंने शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के योगदान की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों को जीवनभर सेवा के महत्व से जोड़ते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन सुप्रिया चौधरी ने किया।
