बोकारो समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त अजय नाथ झा ने की। बैठक में विशेष स्वच्छता अभियान की रूपरेखा, प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। नमामि गंगे के नोडल पदाधिकारी शक्ति कुमार ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। मौके पर नगर निगम चास के मेयर भोलू पासवान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। मन, कर्म और परिवेश की स्वच्छता से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।
बैठक में पूजा अवशेषों के प्रबंधन के लिए निर्माल प्रकोष्ठ बनाने और अगरबत्ती निर्माण इकाई स्थापित करने का निर्णय लिया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

अभियान के तहत गरगा, दामोदर नदी और तेनुघाट डैम समेत शहरी क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त ने आमजनों से श्रमदान कर अभियान को सफल बनाने की अपील की।

