Bokaro: आयुक्त, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग पवन कुमार शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर बोकारो पहुंचे। बोकारो निवास आगमन पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद पुलिस जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
भूमि अभिलेख रखरखाव पर आयोजित कार्यशाला में हुई समीक्षा
इसके पश्चात आयुक्त ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, झारखंड के तत्वावधान में आयोजित भूमि अभिलेखों और किरायेदार धारक अभिलेखों के रखरखाव से संबंधित कार्यशाला में भाग लिया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास सुश्री प्रांजल ढांडा, एसडीओ बेरमो तेनुघाट मुकेश मछुआ और भूमि सुधार उप समाहर्ता चास प्रभास दत्ता शामिल थे।
भूमि रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण और पारदर्शी रखरखाव पर जोर
इस अवसर पर आयुक्त श्री पवन कुमार ने राजस्व अधिकारियों को भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण, अभिलेखों के अद्यतन और पारदर्शी रखरखाव से जुड़ी प्रक्रियाओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि रिकॉर्ड प्रणाली में तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग और पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को समय पर सटीक जानकारी उपलब्ध हो सके।
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने और सभी अभिलेखों को अद्यतन बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जवाबदेही तभी स्थापित होगी जब राजस्व अभिलेख पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और जनता के हित में उपयोगी हों।

