Bokaro : शहर में विद्यालय, स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम 2026 के तहत कैंप-2 मोड़ स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और स्वागत भाषण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि उपायुक्त अजय नाथ झा एवं विशिष्ट अतिथि उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार मौजूद रहीं। इस दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, स्वास्थ्य कर्मी तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है। शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयास से बच्चों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ी है और शिक्षा का स्तर सुधरा है। उन्होंने सभी सम्मानित लोगों को बधाई देते हुए भविष्य में भी बेहतर कार्य जारी रखने की अपील की।
उन्होंने निर्देश दिया कि उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग अगले माह विशेष समीक्षा बैठक करें, जिससे कार्यक्रम को और प्रभावी बनाया जा सके। वहीं, डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। समारोह में सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद सहित कई अधिकारी, शिक्षक, छात्र और अभिभावक उपस्थित थे।


